नैनीसैनी हवाईपट्टी का निरीक्षण करते एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
एयरपोर्ट अथॉरिटी आफ इंडिया के अफसरों ने शनिवार को एक बार फिर नैनीसैनी हवाईपट्टी का निरीक्षण किया। अधिकारियों के रुख से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जल्द ही नैनीसैनी हवाईपट्टी से 42 सीटर हवाई जहाज की उड़ान शुरू हो सकती है। केंद्र सरकार का उड्डयन मंत्रालय जल्दी से हवाईसेवा शुरू कराने की तैयारी में है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के महाप्रबंधक अनिल गुप्ता और सहायक महाप्रबंधक चंद्रशेखर ने शनिवार सुबह नैनीसैनी हवाईपट्टी पहुंचकर हवाईपट्टी की लंबाई, 42 सीटर जहाज चलाने की संभावना का गहराई से निरीक्षण किया। मोटे तौर पर दोनों अधिकारियों ने संकेत दिया कि हवाईपट्टी में सारी ढांचागत सुविधाएं सही हालत में हैं, लेकिन उड़ान शुरू करने की तिथि के बारे में उन्होंने कुछ नहीं बताया। नैनीसैनी हवाईपट्टी का विस्तारीकरण होने के बाद यह बड़े विमानों को चलाने लायक स्थिति में आ गई है। प्रदेश सरकार ने एयरपोर्ट अथॉरिटी आफ इंडिया को पत्र भेजकर कहा था कि जल्दी से उड़ान शुरू की जाए।
इन अधिकारियों के साथ यहां पहुंचे राज्य अवस्थापना विकास निगम के महाप्रबंधक आरपी उनियाल ने बताया कि हवाईपट्टी के विस्तारीकरण के सारे काम काफी तेजी से किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब अंतिम फैसला अथॉरिटी के अफसरों को ही लेना है। निरीक्षण के समय मौजूद उपजिलाधिकारी एसके पांडे ने कहा कि सारी स्थितियां सकारात्मक हैं। अब देखना है कि एयरपोर्ट अथॉरिटी इसमें क्या निर्णय लेती है। निरीक्षण के दौरान सीओ हिमांशु साह एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। दिल्ली से दोनों अधिकारी चार्टर्ड विमान से यहां पहुंचे। करीब दो घंटे तक हवाईपट्टी का निरीक्षण करने के बाद लौट गए।