पिथौरागढ़/चंपावत। लगातार हो रही बारिश से पिथौरागढ़ में 17 और चंपावत में छह सड़कें बंद चल रही हैं। इससे करीब 27 हजार से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके सड़कों को खोलने को लेकर कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। लोगों ने शीघ्र बंद सड़कों को खोलने की मांग की है।
भारी बारिश के कारण थल-मुनस्यारी समेत जिले की 23 सड़कों के बंद होने से करीब 27 हजार से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने शीघ्र बंद सड़कों को खोलने की मांग की है। उधर, हरड़िया में लगातार हो रहे भू-कटाव और नया बस्ती के पास लगातार हो रही बारिश के कारण थल मुनस्यारी सड़क पिछले 21घंटे से बंद चल रही है।
सड़क के बंद होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई हैं। इस कारण सीमा की ओर जा रहे सेना के ट्रक भी दिन भर फंसे रहे। सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार ने हरड़िया और नया बस्ती का निरीक्षण कर लोनिवि के अधिकारियों को शीघ्र सड़क खोलने और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। सड़क खोलने के लिए मशीनें नहीं होने पर लोनिवि पर बिफरे। उन्होंने बोल्डरों को हटाने के लिए इंतजाम करने को कहा। इस दौरान उन्होंने नया बस्ती और हरड़िया के कटाव से प्रभावित गट निवासी खुशाल सिंह के मकान का निरीक्षण भी किया।
बंद पड़ीं सड़कें
थल-मुनस्यारी, छिरकिला- जम्कू, तवाघाट- सोबला, मदकोट- तोमिक, सोसा- सिर्खा, गलाती- रमतोली, मदकोट- फाफा, नाचनी- भैंसकोट, सोसा-सिर्खा, छिरकिला- जम्कू, पौड़ी-घटकूना, मदकोट- मुनस्यारी, बंगापानी- जाराजीबली, गलाती-रमतोली, तल्लाघोरपट्टा-जैंती, संगौड़-दशौली दानू, मुनस्यारी- मिलम सड़क बंद चल रही है। उधर चंपावत में किमतोली-रौसाल, छिलकाछीना-थुवामौनी-सिमलखेत, बाराकोट-बर्दाखान, बाराकोट लिंक-खोला सुनार, गौड़ी-किमतोली और खटोली मल्ली सड़क बंद है।
बारिश के चलते अमोड़ी में दो आवासीय भवनों को खतरा
चंपावत। जिले के अमोड़ी में भारी बारिश के चलते दो आवासीय भवनों को खतरा पैदा हो गया है। भवन स्वामियों ने विधायक कैलाश गहतोड़ी और एनएच के ईई एलडी मथेला को ज्ञापन भेज मकान की सुरक्षा की मांग की है। अमोड़ी निवासी जगदीश सिंह और गुमान सिंह ने बताया कि 18 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश से उनके मकान को खतरा हो गया है। कहा कि एनएच पर बनाए गए कलवर्ट से बहने वाले पानी का रुख मकान की ओर हो गया है। इससे उनके मकान को तो खतरा हुआ ही है, साथ ही उपजाऊ खेत और खड़ी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। आम और लीची के कई पेड़ भी बरसाती पानी के बहाव में बह गए। परेशान भवन स्वामियों ने कलवर्ट में पुलिया बनाने और मकान की सुरक्षा की मांग की है।
दोबाट के पास ग्रिफ ने सड़क मार्ग खोल लोगों को दी राहत
धारचूला (पिथौरागढ़)। विकासखंड में लगातार हो रही बारिश के बाद कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग बंद हो गया है। इस कारण लोगों के साथ ही सेना के जवानों को आवाजाही में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने से लोग पैदल ही आवाजाही कर रहे हैं। ग्रिफ के मजदूरों ने बुधवार देर रात 12 दोबाट के पास सड़क खोल दी थी। बृहस्पतिवार सुबह व्यास घाटी को लगभग 15 गाड़ियों में लोग गांव में पूजा करने को रवाना हुए।
कैलास मानसरोवर मार्ग दोबाट ग्रिफ कैंप के पास पिछले पांच दिन से बंद है। दोबाट पुल के पास सड़क बंद होने से व्यास घाटी के 14 गांव के लोग पूजा में नहीं जा पा रहे हैं। चौदास और दारमा घाटी 30 गांवों के लोगों के साथ ही आईटीबीपी और सेना के जवानों को आवाजाही करने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि दोबाट ग्रिफ कैंप के पास ग्रिफ सड़क खोल तो रही है। लेकिन लगातार पहाड़ी से बोल्डर और मलबा आने से सड़क बार बार बंद हो रही है। उधर तवाघाट-सोबला और तवाघाट-लिपुलेख सड़क को ग्रिफ के कर्मचारी खोलने का प्रयास कर रहे हैं। कनज्योति नारायण आश्रम सड़क को हिमखोला में पांगु निवासी गौतम सिंह और गांव के लोगों ने लोनिवि के कर्मचारियों ने मिलकर जेसीबी मशीन की मदद से हिमखोला गाड़ का पानी की दिशा मोड़कर छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु किया है।