पिथौरागढ़। जनपद के होनहार नौजवान आदित्य पाठक ने भारतीय प्रशासनिक सेवा की परीक्षा पास कर क्षेत्र और अपने घर-परिवार का नाम रोशन किया है। उन्होंने 189वीं रैंक हासिल की। आदित्य ने आईएएस की तैयारी के लिए कोई कोचिंग नहीं ली और अपनी मेहनत तथा लगन के बल पर चौथे प्रयास में यह मुकाम हासिल किया। 10वीं करने के बाद ही आदित्य आएएस बनने का सपना संजोने लग गए थे।
वर्तमान में नगर के रई क्षेत्र में आरटीओ रोड पर रहने वाले और मूल रूप से बेड़ीनाग के उपराड़ा निवासी आदित्य ने कक्षा 2 तक की पढ़ाई सरस्वती शिशु मंदिर, नाचनी और उसके बाद 12वीं तक की पढ़ाई पिथौरागढ़ नगर में डॉन बॉस्को स्कूल से की। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के भगत सिंह कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक किया। इस दौरान वह आईएएस परीक्षा पास करने के लिए भरपूर प्रयास करने में जुटे रहे। स्नातक के बाद आदित्य पाठक ने आईजीआईडीआर, मुंबई से अर्थशास्त्र विषय में ही स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की।
आदित्य ने बताया कि कोविड के बाद वर्ष 2020 से उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए तैयारियों में जुटना शुरू कर दिया। उनके माता-पिता और दोस्तों ने हमेशा उनकी हौसला अफजाई की। आदित्य तीन बार आईएएस के प्रिलिम्स एक्जाम तक पहुंचे। आखिरकार चौथे प्रयास और दूसरे इंटरव्यू में उन्होंने देश की इस प्रतिष्ठित परीक्षा को पास कर लिया। आदित्य के शिक्षक पिता माधवानंद पाठक जीआईसी दिग्तोली, पिथौरागढ़ से सेवानिवृत हो चुके हैं, जबकि मां मंजुला पाठक राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिण-बिछुल में शिक्षिका हैं। आदित्य के छोटे भाई भारतीय सेना में हैं। आदित्य की इस उपलब्धि पर परिवार और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल है। संवाद