पिथौरागढ़। केएमवीएन की ओर से संचालित आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा 14 मई से शुरू होगी। निगम की ओर से यात्रा के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। पहले चरण में यात्रा काठगोदाम से काठगोदाम यात्रा आठ बैच में 18 जून तक चलेगी। वहीं धारचूला से धारचूला यात्रा 16 जून तक चलेगी। निगम प्रबंधन की ओर से टीआरसी प्रबंधकों को यात्रा की तैयारी के संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा के लिए जिलास्तर पर प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। दो मई को आदि कैलाश स्थित शिव-पार्वती मंदिर के कपाट यात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही निजी ऑपरेटरों और निजी संसाधनों से आने वालों के लिए यात्रा शुरू हो जाएगी। केएमवीएन पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि यात्रा का पहला बैच 14 मई को पिथौरागढ़ पहुंचेगा।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि यात्री 15 को धारचूला पहुंचेंगे। 16 मई को यात्री 71 किमी की दूरी तय कर गुंजी पहुंचेंगे। 17 मई को गुंजी से नाभीढांग पहुंचकर ओम पर्वत के दर्शन करेंगे। 18 मई को गुंजी से ज्योलिंगकांग पहुंचकर आदि कैलाश में भोलेनाथ के दर्शन कर वापस बुदी पड़ाव लौटेंगे। 19 को बुदी से चौकोड़ी पहुंचकर वहां रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन चौकोड़ी से अल्मोडा़ और 21 मई को अल्मोड़ा से काठगोदाम पहुंचेंगे। संवाद
छह दिन की होगी धारचूला से धारचूला यात्रा
केएमवीएन की ओर से आदि कैलाश यात्रा के दो बैच शुरू किए जा रहे हैं। दूसरा बैच छह दिन का धारचूला से धारचूला चलाया जाएगा। यात्री 15 मई को धारचूला में विश्राम करेंगे। 16 मई को गुंजी अगले दिन नाभीढांग पहुंचकर ओम पर्वत के दर्शन करेंगे। 18 मई को गुंजी से ज्योलिंगकांग में आदि कैलाश के दर्शन कर वापस बुदी पहुचेंगे। 19 मई को बुदी से धारचूला पहुंच यात्रा का समापन होगा। यह यात्रा फिलहाल 16 जून तक चलेगी।