Adi Kailash Yatra 2023 Update: आदि कैलाश यात्रियों के पहले दल के सदस्यों को रविवार सुबह धारचूला के उपजिलाधिकारी दिवेश शाशनी और कुमाऊं मंडल निगम के धारचूला पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक धन सिंह बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
आदि कैलाश यात्रियों का पहला दल गुंजी पहुंच गया है। गुंजी से यात्रियों को सोमवार को ओम पर्वत के दर्शन कराने के लिए ले जाया जाएगा। ज्योलिंकांग में बर्फ जमा होने से आवागमन बंद है। ऐसे में मार्ग खुलने तक यात्रियों को गुंजी में ही रुकना पड़ेगा। वहीं दूसरा दल रविवार शाम पिथौरागढ़ पहुंच गया है।
विज्ञापन
आदि कैलाश यात्रियों के पहले दल के सदस्यों को रविवार सुबह धारचूला के उपजिलाधिकारी दिवेश शाशनी और कुमाऊं मंडल निगम के धारचूला पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक धन सिंह बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दल के सदस्य शाम पांच बजे गुंजी पहुंचे। प्रबंधक बिष्ट ने बताया कि पहले दल के यात्री रविवार को गुंजी में विश्राम करेंगे। सोमवार सुबह उन्हें ओम पर्वत के दर्शन के लिए ले जाया जाएगा। इसके बाद यात्री वापस गुंजी जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ज्योलिंकांग मार्ग में बर्फ जमा होने से आवागमन बंद है। केएमवीएन की सात सदस्यीय टीम भी गुंजी में ही फंसी है। मार्ग से बर्फ हटने के बाद ही यात्रियों को आदि कैलाश के लिए रवाना किया जाएगा। तब तक यात्री गुंजी में ही रुकेंगे। धारचूला के उपजिलाधिकारी ने बीआरओ को शीघ्र मार्ग खोलने के निर्देश दिए हैं।
इधर रविवार देर शाम आदि कैलाश यात्रियों का 12 सदस्यीय दूसरा दल भी पिथौरागढ़ पहुंच गया। पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी के नेतृत्व में यात्री दल के सदस्यों का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। दल के सदस्य सोमवार को पिथौरागढ़ से धारचूला के लिए रवाना होंगे।