धारचूला(पिथौरागढ़)। आदि कैलाश यात्रा शुक्रवार को विधिवत शुरू हो गई है। आदि कैलाश में पुजारी गोपाल सिंह कुटियाल, विरेंद्र सिंह कुटियाल और रमेश सिंह कुटियाल ने विधि-विधान के साथ शिव मंदिर के कपाट खोले। कपाट खुलते ही पूरा शिव धाम भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखा। एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि अब तक 500 आवेदन आए हैं जिनमें से 350 के परमिट जारी हो चुके हैं।
इससे पूर्व धारचूला नगर के तवाघाट चौराहे पर एसडीएम आशीष जोशी और सीओ केएस रावत ने आदि कैलाश यात्रा के पहले दल को हरी झंडी दिखाकर गुंजी के लिए रवाना किया। कुटी के प्रधान नागेंद्र सिंह ने बताया कि पहले दिन 250 से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
तहसीलदार दमन शेखर राणा और जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस मौके पर आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी लोहाघाट के कमांडेंट संजय कुमार, 65 ग्रिफ के ओसी ले. कर्नल अखिल कौशल देव, आदि कैलाश मंदिर समिति के अध्यक्ष पुनीत कुटियाल सहित कई लोग मौजूद रहे।
100 किलो फूलों से सजाया गया शिव धाम
कुटी के प्रधान नागेंद्र सिंह कुटियाल ने बताया कि ग्रामीणों ने शिव मंदिर को 100 किलो फूलों से सजाया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। होम स्टे की बुकिंग होने से संचालकों में भी खुशी है। उन्होंने कहा कि आदि कैलाश यात्रा शुरू होने से पर्यटन कारोबार भी बढ़ेगा।
मौसम का मिला साथ
आदि कैलाश यात्रा के पहले दिन मौसम का भी साथ मिला। यात्रा के शुभारंभ पर चटख धूप खिली रही। ऐसे में धारचूला-लिपुलेख सड़क पर निर्बाध आवाजाही रही। श्रद्धालु सुगम आवाजाही कर शिव धाम पहुंचे। ग्रिफ के ओसी ले.कर्नल अखिल कौशल देव ने बताया कि यात्रा के दौरान सड़क पर आवाजाही सुचारु रखने के लिए जगह-जगह जेसीबी और अन्य मशीनों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
पार्वती कुंड अब भी जमा
आदि कैलाश मंदिर समिति के अध्यक्ष पुनीत कुटियाल ने बताया कि पार्वती कुंड का पानी अब भी जमा हुआ है। पार्वती कुंड में बर्फ देख श्रद्धालुओं ने कहा कि शिव धाम अद्भुत है। यहां पहुंचकर अपने आराध्य के दर्शन का जो मौका मिला उसे वह कभी नहीं भुला सकते।
लगातार छठी बार यात्रा पर हैं रामभोले और अनीता
दिल्ली के दंपती रामभोले और अनीता ने बताया कि वे लोग लगातार छठी बार आदि कैलाश यात्रा पर आए हैं। उन्होंने बताया कि भोलेनाथ के दर्शन से मन और आत्मा को काफी शांति मिलती है। बार-बार आने का मन होता है। उन्होंने सरकार और बीआरओ का आभार प्रकट किया। कहा कि सड़क बेहतर होने से यात्रा आरामदायक हो गई है । कोतवाल हरेंद्र नेगी ने सभी यात्रियों और वाहन चालकों से यातायात के नियमों का पालन करने और टैक्सी यूनियन अध्यक्ष प्रवेश सिंह नबियाल ने पर्यावरण संरक्षण की अपील की है।