आदि कैलाश यात्रा पर गई एक महिला यात्री की कुटी में हार्ट अटैक से मौत हो गई। महिला कुटी के एक होम स्टे में रुकी थी। जानकारी के अुनसार, एमके नगर, सिकंदराबाद, तेलंगाना निवासी मांधा देवममा (66) की बुधवार सुबह 7 बजे अचानक तबीयत खराब हो गई। 36वीं वाहिनी आईटीबीपी के कुटी पोस्ट और गुंजी स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। उन्हें सुबह 11 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुंजी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल टीम ने प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। घटना की सूचना 11वीं वाहिनी एसएसबी गुंजी पोस्ट ने प्रशासन को दी। एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि महिला का शव धारचूला पहुंच गया है। प्रथम दृष्टया मौत हार्ट अटैक से होना बताई गई है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। इससे पूर्व मई में भी महाराष्ट्र निवासी 53 वर्षीय यात्री की भी आदि कैलाश यात्रा के दौरान हार्ट अटैक से मौत हुई थी।