गणतंत्र दिवस पर नेपाल सीमा पर कड़ी चौकसी रहेगी। नेपाल से आने वालों की चेकिंग का अभियान तेज किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने शनिवार को पुलिस लाइन में मासिक अपराध समीक्षा बैठक में सीमा से सटे सभी थानों के प्रभारियों को निर्देश दिए कि एसएसबी के साथ तालमेल बनाकर चेकिंग शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि देश में आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
एसपी ने गणतंत्र दिवस पर भीड़ वाले स्थानों पर खास निगरानी रखने, हर थाने में सैंड मोर्चे स्थापित करने के निर्देश दिए। एसपी ने पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के सम्मेलन को भी संबोधित किया।
कहा कि रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को कैंटीन से सामान दिया जाएगा और भविष्य में होने वाली पुलिस भर्ती के समय रिटायर्ड कर्मचारियों के आश्रितों को वरीयता दी जाएगी।
इस दौरान पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन की ओर से एसपी को ज्ञापन दिया गया, जिसमें पेंशनरों को पारिवारिक चिकित्सा भत्ता देने, परिचयपत्र जारी करने, पेंशनर्स के आश्रितों को पुलिस भर्ती में वरीयता देने, कैंटीन सुविधा देने, पुलिस पेंशनर्स को अर्द्धसैनिक बलों की तरह सुविधा देने आदि मांग की गई।
इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष जेपी बडौला, महामंत्री पुष्कर सिंह नेगी, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, पूरन सिंह सौन, कुर राम, रूप सिंह बिष्ट, चनरराम, त्रिभुवन चौहान, उमेद सिंह बिष्ट, रमेश बसेड़ा, उमेद राम, गोपाल राम, नंदकुमार जोशी, मानी चंद आदि थे।