दिवाकर बनर्जी के निर्देशन में बन रही ‘संदीप और पिंकी फरार’ फिल्म की पांचवें दिन की शूटिंग महाकाली के किनारे स्थित झूलाघाट में हुई। शूटिंग देखने के लिए झूलाघाट में पुलिस ने यातायात व्यवस्था को बदल दिया था। सभी वाहनों को सुबह से ही आमबाग से आगे नहीं जाने दिया। सिर्फ निजी कारों को ही मुख्य बाजार में जाने की अनुमति थी।
पंचेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में आने वाले नेपाल सीमा पर स्थित झूलाघाट कस्बे में फिल्म की शूटिंग के पहले दिन लाटेश्वर मंदिर के पास महाकाली नदी के किनारे रेत के ढेर पर अभिनेता अर्जुन कपूर और नायिका परिणीति चोपड़ा की बातचीत का दृश्य शूट किया गया। दृश्य में 12 साल की एक बच्ची के साथ बकरियां चराते हुए ग्रामीण और खच्चर से सामान ढोने वाले ग्रामीणों के दृश्य कैमरे में कैद किए गए। झूलाघाट थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार नेे बताया कि शूटिंग के दौरान सुरक्षा के लिए 20 कांस्टेबल, 8 महिला कांस्टेबल, 3 उपनिरीक्षक और 1 प्लाटून पीएसी को लगाया गया है।
शहर के एक निजी होटल से फिल्म यूनिट के लिए नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात के भोजन की व्यवस्था की गई है। यूनिट के कई लोग अपनी-अपनी वेनिटी वेन के साथ बृहस्पतिवार रात से ही झूलाघाट पहुंचने लगे थे। कुछ लोग शुक्रवार सुबह पांच बजे झूलाघाट पहुंचे। फिल्म की शूटिंग सुबह 9:30 से शुरू हुई। झूलाघाट में फिल्म की शूटिंग एक ही दिन की गई। रात को फिल्म यूनिट की गाड़ियां और कुछ लोग झूलाघाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर स्थित गैना गांव जाएंगे। वहां पर दो दिन देवेंद्र चंद हाउस के अंदर शूटिंग की जाएगी।
मणिका का शॉट भी फिल्म में शामिल
यशराज बैनर तले बन रही फिल्म ‘संदीप और पिंकी फरार’ की शूटिंग में स्थानीय कलाकारों को भी वरीयता दी गई। ऑडिशन के दौरान चुने गए कलाकारों के भी कुछ शॉट लिए गए। फिल्म के एक शॉट में 12 वर्ष की मणिका पंत भी शामिल थीं। साथ ही झूलाघाट के नीरज पंत 20 बकरियों को महाकाली नदी के किनारे चराने का दृश्य भी लिया गया। साथ ही योगेश भट्ट, अनिल चंद और युद्धवीर राठौर को 8 खच्चरों को भी फिल्म में जगह दी गई।
अभिनेता और नायिका का झूलाघाट में स्वागत
महाकाली के तट पर स्थित झूलाघाट में पहली बार पहुंचे अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा का झूलाघाट पहुंचने पर स्वागत किया गया। कुमाऊंनी परिधान में आईं एमकेबीएस स्कूल की डिंपल चंद, रोशनी ओली, मैत्री पंगरिया, वैशाली चंद, सौक्या डिक्टिया, निकिता चंद, दिया पंगरिया, प्रिंसी ईजरवाल, रिया चंद और सौम्या भट्ट ने फूलों का गुलदस्ता देकर दोनों का स्वागत किया। विद्यालय के प्रबंधक विप्लव भट्ट, हेम पंत और प्रधानाचार्य विक्रम धामी ने फिल्म के निर्देशक दिवाकर बनर्जी का झूलाघाट में फिल्म बनाने पर स्वागत किया।