डीडीहाट(पिथौरागढ़)। दूनाकोट मार्ग पर हुनेरा के युवक भूपेंद्र की हत्या का कारण वाहन चालक सुमित के साथ विवाद बना। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपना जुर्म कुबूला है।
दूनाकोट मार्ग पर कांडा-कफलुवा मोड़ के पास बीते सोमवार को एक युवक का शव मिला था जिसकी पहचान 33 वर्षीय भूपेंद्र सिंह चौहान निवासी ग्राम हुनेरा, तहसील डीडीहाट के रूप में हुई। मृतक की मां गंगा देवी ने कोतवाली पहुंचकर वाहन चालक सुमित धामी पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी। पुलिस ने गंगा देवी की तहरीर पर सुमित के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (1) के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज की।
बीते मंगलवार को मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि वाहन चालक कूटा निवासी सुमित सिंह धामी (25) ने ही भूपेंद्र की हत्या कर डाली। कोतवाल संजय जोशी ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसने पूछताछ में बताया कि बीते सोमवार को वह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ अपने वाहन से घर जा रहा था। इसी दौरान नशे में धुत भूपेंद्र उसकी गाड़ी में बैठ गया। रास्ते में दोनों के बीच विवाद हो गया। नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इसी बीच आवेश में आकर सुमित ने अपने वाहन से पाना निकाला और भूपेंद्र के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद वह पत्नी-बच्चे को लेकर मौके से भाग गया। पाने के वार से भूपेंद्र की मौत हो गई।
घायल को तड़पता छोड़ पत्नी भी पति के साथ हो गई रवाना
पुलिस के मुताबिक, पत्नी और बच्चे के साथ घर जा रहे सुमित के वाहन में भूपेंद्र भी सवार हुआ। रास्ते में दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कफलुवा बैंड के पास सुमित ने वाहन रोका और दोनों बाहर निकलकर लड़ने लगे। सुमित ने भूपेंद्र के सिर पर पाने से वार कर दिया और पत्नी और बच्चे को लेकर रवाना हो गया। सुमित की पत्नी भी भूपेंद्र को तड़पता छोड़ पति और बच्चे के साथ घर चली गई। अब उसे पति की बड़ी गलती का एहसास हो रहा है।