पिथौरागढ़। जिले में दूसरे दिन भी दोपहर तक बारिश का क्रम जारी रहा। हुदहुद तूफान के कारण जिले में इस बार व्यापक वर्षा हुई है। जिला मुख्यालय में पिछले 24 घंटे में 35 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। इस बीच धारचूला और मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर जमकर हिमपात हुआ है। पूरा जिला समय से पहले ही ठंड की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से मौसम में सुधार आने का संकेत दिया है। बारिश को इस मौसम में बोई जाने वाली सब्जियों और फसलों के लिए लाभदायक बताया गया है। अब जमीन में पर्याप्त नमी हो गई है और किसान गेहूं, जौ, मसूर की बुआई कर सकते हैं।
जिले में मंगलवार की रातभर बारिश हुई। आज भी दोपहर तक बारिश का क्रम जारी रहा। बारिश से नदियों का जल स्तर बढ़ गया है और स्रोतों में फिर से जान आ गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा ने बताया कि ताजा सिस्टम का असर अब कम हो रहा है। बृहस्पतिवार से मौसम में सुधार आने लगेगा। यह बात अलग है कि सुबह और शाम के समय ठंड पड़ने लगेगी। मुनस्यारी के निकट पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा की चोटियों पर जमकर हिमपात हुआ है। धारचूला तहसील में भी कुटी, ज्योलिंगकांग, नाभीढांग में बर्फ गिरी है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा. आरके सिंह ने बताया कि यह बारिश फसलों और सब्जियों की बुआई के लिए बेहद लाभदायक है। किसान नमी का तत्काल फायदा उठाएं और राई, मेथी, पालक, मटर, मूली जैसी सब्जियों की बुआई कर लें।