गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। बीएड, टीईटी प्रशिक्षितों ने देहरादून में प्रशिक्षितों पर लाठीचार्ज की निंदा की है।
लोनिवि गेस्टहाउस में हुई बैठक में प्रशिक्षितों ने कहा कि सरकार उनको रोजगार देने की बजाय उत्पीड़न कर रही है। कहा कि पहले नेता पहाड़ के पानी, जवानी को यहां रोकने का वास्ता देते थे लेकिन अब सत्ता में आते ही युवाओं की अनदेखी करने लगे हैं। इसी कारण राज्य गठन के 14 साल बीतने के बाद भी सरकारें प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रही हैं।
वक्ताओं ने कहा कि जो सरकार योग्य (प्रशिक्षितों) युवाओं को रोजगार नहीं दे सके, उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। ऐलान किया बीएड, टीईटी प्रशिक्षितों को रोजगार देने के लिए सरकार प्रभावी कदम नहीं उठाती है तो उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। बैठक में त्रिभुवन पाठक, कृपाल सिंह, कुंदन दसौनी, गिरिजाशंकर पंत, प्रकाश जोशी, गिरीश पंडा, विजय खत्री, श्याम बिष्ट, किशन नेगी, भुवन पंत, मनोज कुमार आदि मौजूद थे।