गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। राजकीय बालिका इंटर कालेज में प्रधानाचार्य और अध्यापिकाओं के रिक्त पद भरने की मांग को लेकर आज अभिभावकों ने धरना दिया। विद्यालय में प्रधानाचार्य का पद लंबे समय से खाली है और यहां से स्थानांतरित होने वाली शिक्षिकाओं के स्थान पर नई तैनाती नहीं की जा रही है। तहसील मुख्यालय के एकमात्र बालिका इंटर कालेज में शिक्षिकाओं की कमी से पठन पाठन प्रभावित हो रहा है। संपन्न लोग तो अपने बच्चों को अन्य शहरों में पढ़ाने भेज रहे हैं लेकिन गरीबों के सामने गंभीर समस्या आ रही है।
अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि फिलहाल धरना कार्यक्रम से आंदोलन की शुरुआत की गई है। यदि रिक्त पद नहीं भरे गए तो क्रमिक अनशन और आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। चेतावनी दी कि अब ज्यादा दिन तक चुप नहीं बैठेंगे। शुक्रवार को धरने पर भगवती प्रसाद पंत, किशन चंद्र पंत, जोगा सिंह परगाईं, प्रभाकर उप्रेती, कल्याण सिंह समेत तमाम अभिभावक बैठे। बाद में उपजिलाधिकारी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा गया।