नाचनी (पिथौरागढ़)। थल-मुनस्यारी सड़क में पड़ने वाले हरड़िया नाले में बगैर बारिश के भी रोज रात को मलबा गिर रहा है। शनिवार की रात नौ बजे से बंद सड़क रविवार को सुबह आठ बजे खुली। सड़क रोज रात को बंद हो रही है। सड़क को खेलने में तत्परता दिखाने के लिए डोजर चालक को सम्मानित करने की मांग उठने लगी है। जिलाधिकारी ने चालक को सम्मानित करने की बात कही है।
सड़क में रोज रात को बड़े-बड़े बोल्डर गिर रहे हैं। जमीन धंसने से सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है। रविवार को भी डोजर चालक जमन सिंह सुबह 5 बजे से ही मलबा हटाने के काम में लग गया। करीब 8 बजे सड़क में यातायात शुरू हो पाया। लोग डोजर चालक की तत्परता की सराहना कर रहे हैं। डीएम एचसी सेमवाल ने भी डोजर चालक की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। डोजर चालक आपदा के कामों में पहले भी पुरस्कृत हुआ है।
इतने मेहनती चालक के प्रति लोनिवि उदासीन बना हुआ है। विभाग से उसे न ड्रेस मिली है। न हेलमेट, न ही डोजर में छत ही है। बगैर साइलेंसर के डोजर से निकलने वाला धुंआ उसके नाक, मुंह में घुसता है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी आरएस राणा ने विभाग की ओर से चालक को हेलमेट, छाता और जूता दिया है। डोजर की छत लगाने और साइलेंसर ठीक करने विभाग को पत्र भेजा है।