मुनस्यारी/डीडीहाट। बाल विकास परियोजना की टेक होम राशन योजना मुनस्यारी में शुरू हो गई है। बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कलावती राणा, मुख्य सेविका कमला मर्तोलिया ने नानासेम और मल्ला घोरपट्टा के आंगनबाड़ी केंद्र से योजना की शुरुआत की।
सीडीपीओ ने कहा कि योजना के तहत गर्भवती और धात्री महिलाओं के साथ ही 7 माह से तीन वर्ष तक के बच्चों को योजना से लाभान्वित किया जाएगा। लीलावती मर्तोलिया, उषा आर्या, राजेश्वरी बृजवाल, चंद्रा आर्या, नीमा निर्खुपा, बसंती बृजवाल, रुकमणि बोरा, यमुना टोलिया के साथ ही कई ग्रामीण मौजूद थे।
डीडीहाट में तहसील वार्ड के आंगनबाड़ी केंद्र से योजना की शुरुआत की गई। गर्भवती, धात्री महिलाओं के साथ ही छोटे बच्चों को पूरक पोषण पोषाहार वितरित किया गया। खंड विकास अधिकारी केसी जोशी की मौजूदगी में बाल विकास परियोजना अधिकारी हेमा कुंवर ने 13 गर्भवती और धात्री महिलाओं के साथ ही 19 बच्चों को सोयाबीन, दाल, सूजी, गुड़, भुना चना, मूंगफली दाना प्रदान किया। कुंवर ने पोषाहार के फायदे और गुणवत्ता के बारे में बताया। आंगनबाड़ी क्रेंद्र की सुशीला ग्वाल, कार्यकर्ती अनीत कन्याल, भागीरथी टोलिया सहित तमाम लोग मौजूद थे।