पिथौरागढ़। एलएस महर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ के बालिका छात्रावास के वार्षिकोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। इस दौरान शतरंज, कैरम और क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती और कॉलेज के प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने दीप प्रज्ज्वलित कर वार्षिकोत्सव का शुभारंभ किया। बालिका छात्रावास की अधीक्षिका डा. सरोज वर्मा की अध्यक्षता में हुए समारोह में बालिकाओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शतरंज प्रतियोगिता में मीना मेहता पहले स्थान पर रहीं, जबकि कैरम में तनुजा गिरी ने बाजी मारी। क्विज प्रतियोगिता के परास्नातक वर्ग में आशा मेहता और तनुजा गिरी, स्नातक में हेमलता भट्ट और मीनाक्षी खोलिया की जोड़ी पहले स्थान पर रहीं। पालिकाध्यक्ष ने खेल प्रतियोगिताओं की विजेता खिलाड़ियों के साथ ही मेधावी छात्रा भावना ओली, छात्रावास परिषद की सदस्य तनुजा गिरी, आशा मेहता, विमला आर्या, सिमरन शर्मा, पिंकी ओली, भावना ओली, मीरा बोहरा, ज्योति बोहरा, भावना बोहरा को पुरस्कृत किया। छात्रावास की सहायक अधीक्षिका नीलम जोशी ने अतिथियों का आभार जताया। शोधरत छात्र हिमांशु जोशी ने आख्या प्रस्तुत की। संचालन गरिमा पांडेय, नीलम सुगड़ा, सपना चंद ने किया।