जौलजीबी। बुधवार की रात को जौलजीबी मेले में होटल चलाने वाले एक व्यक्ति के नौकर के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। जौलजीबी पुलिस का कारनामा देखिए कि मारपीट करने की शिकायत करने वाले व्यापारी और उसके सहयोगी को उसने गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि जिन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, पुलिस उनको बचाने का काम कर रही है।
जौलजीबी मेेले में होटल चलाने वाले नरेश सिह दताल ने बृहस्पतिवार को जौलजीबी थाने में रिपोर्ट देकर कहा कि डीडीहाट जौरासी निवासी चंचल सिंह और मदकोट निवासी नंदन सिंह ने रात में होटल में खाना खाने के बाद उनके नौकर हिमांशु रौंकली के साथ मारपीट की लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के स्थान पर नरेश और उनके साथी प्रदीप दताल को गाली गलौच, मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। लोगों ने एक नेता की शह पर व्यापारी और उसके साथी को गिरफ्तार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नेता और पुलिस की इस दादागिरी के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। उधर, इस संबंध में जब थानाध्यक्ष जीएल साह से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि दूसरे पक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।