बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बढ़ती गर्मी के साथ ही बेड़ीनाग में पेयजल किल्लत शुरू हो गई है। हालात यह हैं कि कुछ कनेक्शनों में पांच दिन में तो कुछ जगहों में एक सप्ताह बाद पानी आ रहा है। इस कारण लोग वैकल्पिक व्यवस्था कर काम चलाने को मजबूर हैं। प्राकृतिक जल स्रोतों में भी पानी कम होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बेड़ीनाग नगर पंचायत और इससे जुड़े गांवों के लिए गोरघटिया लिफ्ट पेयजल योजना से पेयजल आपूर्ति होती है। पंप में बिजली की लगातार कटौती जारी है, इससे जमुनानगर, सरस्वती विहार, जवाहर चौक क्षेत्र में पांच दिन से पानी नहीं मिल रहा है।
जल संस्थान के अवर अभियंता महेश रौतेला ने बताया है कि पंप में बिजली विभाग द्वारा कटौती करने से पानी लगातार पंप नहीं हो पा रहा है। जिस कारण बेड़ीनाग के अधिकतर हिस्सों में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है।