नाचनी (पिथौरागढ़)। बागेश्वर के रीमा से पिथौरागढ़ जिले के बांसबगढ़ जा रही बरात की एक जीप नाचनी में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन चालक सहित पांच लोग मामूली रूप से चोटिल हुए। जीप के सड़क पर ही रुक जाने से बड़ा हादसा टल गया।
रविवार को रीमा से आई बरात में शामिल बोलेरो जीप (यूके 04 टीए 1259) नोलड़ा के पास एकाएक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में बागेश्वर के उडियार जारथी निवासी चालक भूपेश कुमार सहित चार अन्य बराती मामूली रूप से चोटिल हुए। जीप के सड़क पर रुक जाने से बड़ा हादसा टल गया, यदि जीप अनियंत्रित होकर खाई में पलट जाती तो गंभीर हादसा हो सकता था। दुर्घटना की सूचना के बाद नाचनी के थानाध्यक्ष महेश कांडपाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।