पिथौरागढ़। नए साल में पिथौरागढ़ के बैंकों और एटीएम में कैश की किल्लत नहीं रहेगी। भारतीय स्टेट बैंक के पास सौ करोड़ रुपये पहुंच चुके हैं। शादी और त्योहारी सीजन के लिए आरबीआई से 67 करोड़ के फ्रेश नोट भी जल्दी पिथौरागढ़ को मिलेंगे।
भारतीय स्टेट बैंक पिथौरागढ़ के क्षेत्रीय सचिव अर्जुन बसेड़ा ने बताया कि सौ करोड़ रुपये बैंक में पहुंच चुके हैं। जनवरी पहले सप्ताह में बैंक के पास 67 करोड़ रुपए के नए नोट भी उपलब्ध हो जाएंगे।
बैंक के ग्राहकों को जरूरत के अनुसार भुगतान करने के लिए मुख्य शाखा से जनपद की सभी शाखाओं को कैश भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि बैंक के साथ ही एटीएम में भी ग्राहकों के लिए कैश उपलब्ध रहेगा।
..........
चौकोड़ी में लगा एटीएम खराब होने से पर्यटक परेशान
बेड़ीनाग विकासखंड के प्रमुख पर्यटक स्थल चौकोड़ी में लगाया एसबीआई का एटीएम नहीं सुधारा गया है। एटीएम बंद रहने से पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने शीघ्र एटीएम का सुधार कर संचालन करने की मांग की है। प्रधान चौकोड़ी मनोज कुमार सानी ने बताया कि एसबीआई का एटीएम काम नहीं कर रहा है। थर्टी फर्स्ट पर चौकोड़ी पहुंचे पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि चौकोड़ी में हमेशा ही पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। क्षेत्रीय लोग लंबे समय से एटीएम लगाए जाने के मांग कर रहे थे। एसबीआई ने एटीएम स्थापित तो कर दिया, लेकिन दो घंटे बाद ही इसने काम करना बंद कर दिया।