पिथौरागढ़। नैनीसैनी हवाई पट्टी से हवाई सेवाएं शुरू करने के लिए शुक्रवार को भारतीय नागरिक उड्डयन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी के अधिकारियों ने हवाई पट्टी का संयुक्त निरीक्षण किया। हवाई सेवा संचालित करने के लिए हेरिटेज एविएशन को चार दिन में लाइसेंस मिल जाएगा।
डीजीसीए से आए संयुक्त महानिदेशक जेएस रावत, अपर सचिव नागरिक उड्डयन विभाग उत्तराखंड शासन आर राजेश कुमार एवं अन्य अधिकारियों के साथ ही जिलाधिकारी सी रविशंकर, पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरु और कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल के अधिकारियों ने हवाई पट्टी, रनवे, एटीसी टावर, टर्मिनल भवन आदि का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद बैठक आयोजित कर हवाई सेवाओं के संचालन पर बात की।
नागरिक उड्डयन उत्तराखंड के अपर सचिव ने बताया कि सात अक्तूबर से हवाई सेवा शुरू की जा रही हैं। हवाई सेवा संचालित कर रही हेरिटेज ऐविएशन द्वारा सेड्यूल कम्यूटर ऑपरेशन लाइसेंस के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। जिसकी प्रक्रिया अंतिम चरणों में है। अधिकतम चार दिन में कंपनी को लाइसेंस मिल जाएगा। देहरादून से पिथौरागढ़ तक एक व्यक्ति का टिकट सभी करों सहित 1550, जबकि पिथौरागढ़ से पंतनगर तक का 1400 रुपये किराया होगा।
निरीक्षण के दौरान ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी के क्षेत्रीय निदेशक संजय शर्मा, एयरपोर्ट निदेशक पंतनगर एसके सिंह, संयुक्त महाप्रबंधक एयरपोर्ट ऑपरेशन एसके सोनी, चीफ पायलट अशोक सेठी, ब्रिडकुल के महाप्रबंधक आरके उनियाल, एसडीएम एसके पांडेय आदि उपस्थित रहे।