पिथौरागढ़। जिला विकास निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में समिति अध्यक्ष एवं केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने जनपद में संचालित केंद्र पोषित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य पूरा होने पर कार्यस्थल पर मद एवं लागत की पूरी जानकारी का बोर्ड लगाने को कहा। जनपद में किसानों की आय दोगुना करने के लिए कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने, जनपद में दलहन की खेती को बढ़ाने से लेकर धान के साथ अरहर की खेती के लिए किसानों की मदद करने के निर्देश दिए।
विभिन्न गांवों को क्राफ्ट विलेज के रूप में विकसित करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्पादित हथकरघा उद्योगों, दन कालीन रिंगाल आदि के उत्पादों को बढ़ावा देने और उद्यमियों को विभाग एवं सरकारी स्तर पर सहयोग करते हुए ग्रामीण स्तर पर स्थानीय लोगों को रोजगार मुहैया कराने को कहा। सौभाग्य योजना, दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना और उजाला योजना की समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए।