पिथौरागढ़। बलुवाकोट में सामाजिक कार्यों में सहभागिता निभा रहे परिवर्तन संगठन के लोगों ने डीएम को विकास कार्यों में अनियमितताओं का पुलिंदा सौंपा है। नगतड़ पेयजल योजना के लिए बनी समिति के लोगों ने भी योजना का काम शुरू कराने की मांग की। डीएम ने संगठन के लोगों की आरोपों की पुष्टि के लिए जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं।
परिवर्तन संगठन के रोहित खाती, रमेश ठगुन्ना, पुष्कर सिंह ठगुन्ना ने डीएम को प्रमाणों के साथ योजनाओं के दस्तावेज सौंपे हैं। कहा है कि ग्राम पंचायत बलुवाकोट में ग्रामीण स्वच्छता के तहत अपशिष्ट प्रबंधन के लिए मिले धन का दुरुपयोग किया गया है। तटबंध निर्माण, दन, कालीन कार्यशाला, सौर ऊर्जा, उपकरण क्रय, गुईयां खेल केंद्र निर्माण, तल्लागांव और गोठानी पुलिया निर्माण, पुलिया मरम्मत, पोखरी सामूहिक शौचालय निर्माण में अनियमितता की गई है।
इन लोगों ने पेयजल योजनाओं, संपर्क मार्गों के निर्माण में धांधली करने का आरोप लगाया है। कहा है कि सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मिली जानकारी में शौचालयों के गलत आवंटन होेने की पुष्टि हुई है। डीएम को सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मिली जानकारी की प्रतियां सौंपी गई है। डीएम सी रविशंकर ने इन कार्यों की जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं।
पूर्व में विवादों के घेरे में आई बलुवाकोट ग्राम पंचायत की नगतड़ पेयजल योजना के लिए डीएम के निर्देश पर बनी उप समिति के पदाधिकारियों भूपेंद्र धामी, पुषकर ठगुन्ना, श्याम सिंह रोकाया, रोहित कुमार, पार्वती देवी आदि ने भी डीएम से मुलाकात की। इन लोगों ने बताया कि दो महीने पहले योजना निर्माण के लिए फर्जी तरीके से बनी समिति को भंग कर दिया था। नई समिति बनने के बाद भी पेयजल योजना के अवशेष कार्यों को पूरा नहीं किया जा रहा है। पहले हुए कार्य में अनियमितता की पुष्टि हुई है। डीएम ने पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता को इस मामले में आख्या देने के निर्देश दिए हैं।