एक महीने से बंद पड़ी दरकोट-नमजला सड़क को खोलने की मांग को लेकर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को ग्रामीणों ने जौलजीबी-मुनस्यारी सड़क पर एक घंटे तक जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू हो गया।
मलबा आने से दरकोट-नमजला सड़क एक माह पूर्व बंद हो गई थी। लोनिवि ने जानबूझकर सड़क को खोलने में रुचि नहीं दिखाई। एक सप्ताह पूर्व इस सड़क के किनारे पड़ने वाले गांव के लोगों ने एसडीएम को यह अल्टीमेटम दिया था कि यदि सड़क पर यातायात शुरू नहीं हुआ तो जाम लगा देंगे। इसी घोषणा के मुताबिक सोमवार को बड़ी संख्या में लोग बारिश के बीच जाम लगाने के लिए पहुंचे। जाम लगने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोहतास सागर, लोनिवि के जेई महेश राम आर्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया कि सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू किया जा रहा है। ग्राम प्रधान भगत सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने सड़क खोलने का काम शुरू होते ही चक्काजाम का फैसला वापस ले लिया। बताया गया है कि इस सड़क के ठीक किनारे एक मकान स्थित है। मलबा इस मकान में गिरने का खतरा है। मकान मालिक की आपत्ति के कारण चट्टान तोड़ने, मलबा हटाने के लिए मशीन नहीं लग पा रही है। अब इस स्थान पर क्रशर से चट्टान तोड़ने का फैसला लिया गया है।