पिथौरागढ़। बढ़ती गर्मी के साथ ही रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दिन भर आपातकालीन कक्ष और चिकित्सकों के कक्ष सहित अस्पताल परिसर में मरीज और तीमारदारों की भीड़ लगी रही।
सोमवार को जिला अस्पताल में ओपीडी खुलते ही रोगियों की संख्या बढ़ने लगी। जिला अस्पताल में सोमवार को ओपीडी 840 तक पहुंच गई। फिजिशियन से लेकर सर्जन, चर्म और इमरजेंसी कक्ष में मरीजों की भारी भीड़ रही। सबसे अधिक मरीज बुखार, शुगर और बीपी के आए।
फिजिशियन के पास करीब 400 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। फिजिशियन डॉ. डीएस धर्मशक्तू ने बताया कि बुखार के मरीज अचानक बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम बदलने के कारण यह समस्या आई है। उन्होंने रोगों से बचाव के लिए खानपान के साथ ही विशेष सावधानियां बरतने की अपील की है।
बुखार, जुकाम और खासी के बढ़ रहे रोगी
पिथौरागढ़। जिला अस्पताल में इन दिनों बुखार, खासी, जुकाम, उल्टी दस्त, टायफायड के रोगियों की संख्या बढ़ रही है। पीएमएस डॉ. जेएस नबियाल का कहना है कि रोगों से बचाव के लिए खान-पान पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। संवाद
जिला अस्पताल में ओपीडी 350 पार
चंपावत। बढ़ती गर्मी के बीच जिला अस्पताल में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को अस्पताल में 350 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इसमें अधिकतर मरीज वायरल बुखार, खांसी, जुकाम के रहे। अस्पताल के मुख्य फिजिशियन डॉ. अजय कुमार ने बताया कि कभी गर्मी और कभी ठंड के चलते मरीजों में बुखार की समस्या बढ़ती जा रही है। लोगों को मौसम के अनुकूल रहकर चलने की जरूरत है।