धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला नगर के घटधार वार्ड में सिलिंडर बदलने के दौरान अचानक आग लग गई। महिला के समय रहते किचन से बाहर भागने से वह झुलसने से बच गई, जबकि आग से किचन में रखा सारा सामान जल गया।
पेंटिंग का काम करने वाला शिवा अपने परिवार के साथ नगर के घटधार वार्ड में रहता है। शुक्रवार को गैस खत्म होने पर शिवा की मां बाटुली देवी ने भरा हुआ सिलिंडर निकाला। जैसे ही उन्होंने सिलिंडर बदलने के लिए सील खोली, सिलिंडर ने आग पकड़ ली। आग लगते ही बाटुली देवी किचन से बाहर भाग गई।
शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और स्वयं भी आग बुझाने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष पीएस नेगी और एनएस अधिकारी ने पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किचन में रखा सभी सामान जल गया।