कनालीछीना (पिथौरागढ़)। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने स्कूलों में मिलने वाली छात्रवृत्ति के लिए आय प्रमाण पत्र मांगने का विरोध किया है। सिरौली के प्रधान मनोज सिरोला, ख्वांतड़ी के प्रधान केदार सिंह सामंत, प्रधान संगठन की ब्लॉक महामंत्री चंद्रा बिष्ट, गुड़ौली की प्रधान पार्वती पांडे, राज्य आंदोलनकारी राजेश मेहता, सामाजिक कार्यकर्ता हेमेंद्र सिंह बिष्ट ने डीएम के भेजे पत्र में कहा है कि बीपीएल क्रमांक होने के बाद भी आय प्रमाण पत्र मांगने का कोई औचित्य नहीं है। आय प्रमाण बनाने में कई तरह की दिक्कतें सामने आ रही हैं।
इन लोगों ने कहा है कि 5 फरवरी को क्षेत्र पंचायत की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदना ने बीपीएल प्रमाण पत्र को ही आय प्रमाण पत्र की मान्यता देने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे, लेकिन इन आदेशों को नहीं माना जा रहा है। उन्होंने बीपीएल क्रमांक को ही आय प्रमाण पत्र की मान्यता देने की मांग की है। उधर, मुख्य विकास अधिकारी वंदना का कहना है कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए जा रहे हैं।