डीडीहाट (पिथौरागढ़)। विधायक विशन सिंह चुफाल के प्रयासों से डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की दो सड़कें मंजूर हुई हैं। साथ ही डीडीहाट-ओगला मार्ग पर हॉटमिक्स के लिए धन मंजूर हो गया है।
विधायक चुफाल ने बताया कि शासन ने डीडीहाट-ओगला मार्ग पर 6 किमी हॉटमिक्स के लिए 2.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। हाट से लधड़ा गांव के लिए 5 किमी सड़क मंजूर हो गई है। इसके लिए 4.71 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विधायक ने बताया मुवानी से मुंगरौली के लिए दो किमी सड़क को मंजूरी मिली है। इसके लिए 1.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बता दें कि लोग लधड़ा के लिए सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से कर रहे थे। लधड़ा के लिए सड़क मंजूर होने से लोगों में खुशी व्याप्त है।
लोगों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग की है। वहीं, मुवानी के मुंगरौली की मांग भी लंबे समय से उठ रही थी। डीडीहाट-ओगला सड़क की खराब हालत को देखते हुए हॉटमिक्स करने की मांग जा रही थी। विकास कार्यों की मंजूरी का लाभ इलाके के लोगों को मिलेगा। विधायक चुफाल ने कहा कि औपचारिकता पूरी कर दोनों सड़कों का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। डीडीहाट-ओगला मार्ग पर इस गर्मी में हॉटमिक्स करा दिया जाएगा।