डीडीहाट (पिथौरागढ़)। इस तहसील के दर्जनों गांव आज भी संचार सुविधा से वंचित हैं। यहां रहने वाले ग्रामीणों को मोबाइल फोन से बात करने के लिए एक से दो किमी दूर ऊंचाई वाले स्थानों पर जाना पड़ता है। क्योंकि गांव में किसी भी कंपनी का नेटवर्क काम नहीं करता।
दूनाकोट क्षेत्र के मटेणा, वर्नाऐरी, पंथ्याली, सिरतोला, तल्ला कुणिया, मल्ला कुणिया सहित एक दर्जन से अधिक ग्राम सभाओं में आज भी मोबाइल टावर नहीं हैं। आरटीआई कार्यकर्ता गंभीर सिंह चौहान ने दूरसंचार मंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि इन गांवों में एक हजार से अधिक लोग रहते हैं। घाटी पर बसे इन गांवों में किसी भी संचार कंपनी का नेटवर्क काम नहीं करता। गांव के लोग कई वर्षों से इन क्षेत्रों में मोबाइल टावर लगाने की मांग कर रहे हैं।
किसी भी नेटवर्क का सिग्नल नहीं आने से लोगों के मोबाइल शोपीस बन गए हैं। इस मामले में विधायक विशन सिंह चुफाल ने कहा कि केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा के माध्यम से केंद्रीय संचार मंत्री तक यह समस्या पहुंचा दी गई है। जल्दी ही यह समस्या हल हो जाएगी।