गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रस्तावित सुगड़ी-पालीपल्याल सड़क पर बनेला गांव के लोगों ने आपत्ति लगाते हुए डीएम सी रविशंकर को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में डीएम से उक्त प्रस्तावित सड़क का कार्य पहले किए गए सर्वे के आधार पर करने की मांग की गई है।
कहा है कि पहले किए गए सर्वे में मार्ग का प्रस्ताव सिबना पांडव मंदिर से पालीपल्याल तक किया गया था। इसमें ग्रामीणों की कृषि भूमि को कम नुकसान पहुंचना था। कहा कि विभाग द्वारा सुगड़ी से पालीपल्याल के लिए दूसरा सर्वे किया गया है, इससे बनेला गांव की सिंचित भूमि को काफी नुकसान पहुंचेगा।
सिंचित भूमि में फसलों की अच्छी पैदावार होती है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर उक्त सड़क का कार्य दूसरे सर्वे के आधार पर किया जाएगा तो ग्रामीण इसका विरोध करेंगे। ज्ञापन भेजने वालों में दलीप सिंह, सुभाष सिंह, गुलाब सिंह, दान सिंह, गीता देवी, पूजा देवी, भूपाल सिंह, माया देवी आदि शामिल थे।