पिथौरागढ़। एशियन एकेडमी चौकोड़ी में आयोजित चार दिनी ‘भारत की संतान युवा कार्यक्रम’ का समापन हो गया है। कार्यक्रम में त्रिपुरा, बंगाल और असम से आए विद्यार्थियों ने अपने प्रदेशों के खान-पान, रहन-सहन और संस्कृति से रूबरू कराते हुए अनेकता में एकता का संदेश दिया।
एशियन स्कूल के प्रबंधक वीरेंद्र पाल ने बताया कि विद्यालय में चार दिन तक चले कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, हिमालय बचाओ, स्वच्छ भारत अभियान और वनों के महत्व से संबंधित कई कार्यक्रम आयोजित किए। बाहर से आए विद्यार्थियों ने एशियन स्कूल में पढ़ाई जाने वाली तकनीकी प्रयोगों का गहन अध्ययन किया। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने भारत की एकता और अखंडता को बनाने के लिए संकल्प लिया।
समापन अवसर पर विद्यालय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए। प्रबंधक पाल ने बताया कि 25 से 30 नवंबर तक मध्यप्रदेश में होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय बाल आनंद महोत्सव में स्कूल के 25 विद्यार्थी भाग लेंगे। कार्यक्रम में देवाशीष, धर्मेंद्र और एशियन अकादमी के शिक्षकों, कर्मचारियों ने सहयोग दिया।