छात्र नेताओं ने शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
पिथौरागढ़। महाविद्यालयों में छात्रसंघ के चुनाव न कराने के बयान को लेकर छात्रों ने उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का पुतला फूंका। कहा कि छात्र हितों के हनन का प्रयास किया गया तो परिणाम गंभीर होंगे।
छात्रसंघ के पूर्व कोषाध्यक्ष ऋषेंद्र महर के नेतृत्व में गांधी चौक बाजार में एकत्र हुए छात्रों ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महर ने कहा कि छात्रसंघ को भारत के आने वाले भविष्य के ध्वजवाहक की पाठशाला के रूप में आंका जाता है। छात्र नेता शुभम बिष्ट ने कहा कि शिक्षा मंत्री ने छात्र राजनीति से आगे बढ़ने वाले विद्यार्थियों का अपमान किया है।
मनोज सिंह धामी, मनोज शाही और कमलेश कसन्याल ने कहा कि अगर सरकार इस तरह का कोई भी निर्णय लेती है तो प्रदेश भर के छात्र नेताओं को साथ लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। पुतला फूंकने वालों में आनंद धामी, करन सिंह, हर्षवर्धन जोशी, नीरज जोशी, अमित जोशी, प्रकाश देवली आदि छात्र नेता शामिल थे।