पिथौरागढ़। जिले में ईस्टर उल्लास पूर्वक मनाया गया। इस मौके पर लोगों ने प्रार्थना गीत गाकर प्रभु यीशु मसीह को याद किया। गिरजाघर में विशेष प्रार्थना सभा हुई।
रविवार की सुबह साढ़े चार बजे ईसाई समुदाय के लोगों ने सिल्थाम स्थित चर्च से भाटकोट सनराइज प्वाइंट तक हाथों में कैंडल लेकर जुलूस निकाला। इसमें शामिल बच्चे, युवक-युवतियों सहित सभी लोगों में विशेष उल्लास और उत्साह देखा गया। इसके बाद सभी लोग सनराइज प्वाइंट में स्थित प्रार्थना स्थल पर एकत्र हुए। सुबह 10 बजे प्रार्थना सभा हुई। सभी लोगों ने देश की खुशहाली के लिए प्रभु यीशु से प्रार्थना की। पादरी अजय कुमार चरन ने प्रार्थना कराई।
उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर शुद्ध जीवन बिताना चाहिए। तभी मनुष्य पाप रहित जीवन प्राप्त कर सकता है। इस कार्यक्रम में एड. सुभाष सिंह, विमल दीप फिलिप, मनीष सिंह, प्रधानाचार्य पीआर डीन, मनोज एलेक्जेंडर, संदीप स्ट्रीट्रिंग आदि ने सहयोग दिया।