पिथौरागढ़। पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कार्मिक संगठन का स्थापना दिवस नगरपालिका सभागार में मनाया गया। इस दौरान पूर्व अर्द्ध सैनिकों ने पूर्व सैनिकों की तरह उन्हें भी समान सुविधाएं देने की मांग उठाई।
संगठन अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह मेहता की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम मेें वक्ताओं ने कहा कि चार वर्ष पहले सरकार ने प्रदेश में पूर्व सैनिकों की तरह अर्द्ध सैनिकों को भी समान सुविधाएं देने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक इस घोषणा पर अमल नहीं हुआ है। उन्होंने अर्द्ध सैनिक निदेशालय खोलने, सीमाओं पर शहीद होने वाले अर्द्ध सैनिक बलों के जवानों को भी शहीद का दर्जा देने की मांग उठाई।
लाल सिंह ने अर्द्ध सैनिकों की पेंशन में बढ़ोतरी करने की मांग की। गंभीर सिंह कठायत के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में उपाध्यक्ष जगत सिंह सौन, कोषाध्यक्ष एएस मेहरा, मुख्य सचिव बीएस चौहान, सचिव पूरन सिंह रावत, विशन सिंह, शिविराज सिंह रावल, बीडी पुनेड़ा ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में जिले भर से अर्द्ध सैनिक बलों के पूर्व अधिकारियों और जवानों के साथ ही जवानों के आश्रितों ने प्रतिभाग किया।