पिथौरागढ़। मौसम साफ रहने पर कैलास मानसरोवर यात्रा के 13वें दल के यात्रियों को गुंजी पहुंचाया गया। 10वें दल के यात्री परिक्रमा पूरी कर तकलाकोट लौट आए हैं। 11वें दल के यात्री गुंजी में तो 12वां दल बुधवार को तकलाकोट से कैलाश की परिक्रमा के लिए दार्चिन को रवाना होगा।
13वें दल के 55 यात्री पिछले चार दिनों से पिथौरागढ़ पर्यटक आवास गृह में मौसम खुलने का इंतजार कर रहे थे। मंगलवार सुबह मौसम साफ रहने पर सुबह 6 बजे वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर ने यात्रियों को लेकर गुंजी की उड़ान भरी। दूसरा हेलीकॉप्टर साढ़े छह और तीसरा साढ़े सात बजे गुंजी को रवाना हुआ। 7.45 बजे अंतिम चक्कर में हेलीकॉप्टर से सभी यात्रियों को गुंजी पहुंचा दिया।
इसके बाद नैनीसैनी से तीन चक्करों में यात्रियों का सामना गुंजी पहुंचाया गया। यात्रा के नोडल अधिकारी दिनेश गुरुरानी ने बताया कि 11वें दल के 60 यात्री अभी गुंजी में रुके हैं। यात्रियों का वीजा आने के बाद वह आगे की यात्रा पर रवाना होंगे। उधर, आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मिर्थी से मिली जानकारी के अनुसार 10वें दल के 25 यात्री कैलाश की परिक्रमा पूरी कर तकलाकोट लौट आए हैं। 12वां दल बुधवार को तकलाकोट से परिक्रमा के लिए दार्चिन को रवाना होगा। 14वें दल के यात्री अभी चौकोड़ी में रुके हैं।
कैलाश यात्रियों ने किया पातालभुवनेश्वर का भ्रमण
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। कैलाश मानसरोवर यात्रा के 14वें दल के यात्रियों ने पातालभुवनेश्वर का भ्रमण किया। स्थानीय लोगों ने यात्रियों को पातालभुवनेश्वर के महात्म्य के बारे में बताया। दल के संपर्क अधिकारी आशीष शर्मा और मीनू शुक्ला पाठक के नेतृत्व में 38 यात्री मंगलवार को पाताल भुवनेश्वर के भ्रमण पर पहुंचे। गुफा के दर्शन से यात्री काफी रोमांचित दिखे। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष नीलम भंडारी, शेर सिंह भंडारी, विमल भंडारी, केदार सिंह, एसी बेलवाल और ललित भंडारी ने यात्रियों का स्वागत किया।