बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। हलियाडोब-ओखरानी-नाचनी मार्ग के शेष भाग की वित्तीय स्वीकृति की मांग को लेकर महरी धर्मशाला में आमरण अनशन पर बैठी महिला आंदोलनकारी 48 वर्षीय महिला भगवती देवी का बृहस्पतिवार को भी चिकित्सकों के दल ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेड़ीनाग के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सिद्धार्थ पाटनी ने बताया कि आंदोलनकारी के स्वास्थ्य में गिरावट आई है।
बृहस्पतिवार को भी झीडिय़ा, मुंडोली, बटगाड़ा, ऊड़ी सिरतोली, मलानी, च्यूरखेत, ओखरानी, लछीमा, दशौली आदि स्थानों से सैकड़ों की संख्या में लोग आंदोलन में भागीदारी के लिए पहुंचे थे, इसमें महिलाओं की संख्या अधिक थी। अनशन स्थल पर सभा को संघर्ष समिति के वरिष्ठ सदस्य मथुरादत्त पाठक ने संबोधित किया, जबकि धरने पर देवीदत्त पाठक, बसंत बल्लभ पाठक, नंदाबल्लभ पाठक, आशा देवी आदि बैठे। वहीं, उक्रांद जिलाध्यक्ष कृपालु मेहरा ने आंदोलन को समर्थन दिया।