पिथौरागढ़। जनता दरबार में आने वाली शिकायतों पर हुई कार्यवाही का विभागों को लिखित जवाब देना होगा। विभाग फरियादी को समस्या के निस्तारण के साथ ही की गई कार्यवाही की पूरी जानकारी देंगे। डीएम ने सभी अधिकारियों को इस व्यवस्था पर अमल के निर्देश जारी किए हैं।
सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता दरबार में डीएम सी रविशंकर ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ताकीद करते हुए कहा कि जनता दरबार में आनी वाली सभी समस्याओं के निस्तारण की कार्यवाही की जानकारी आवेदक को दी जाए। इसमें कोताही बरतने पर संबंधित विभागों पर कार्रवाई की जाएगी। इधर, जनता दरबार में 59 समस्याएं दर्ज की गई। इन समस्याओें में आर्थिक सहायता, पेंशन प्रकरण, विभिन्न सड़क मार्गों को दुरस्त किये जाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराए जाने, पेयजल समस्या, सड़क पर आवारा कुत्तों एवं जानवरों से निजात दिलाने, सिंचाई व्यस्था दुरुस्त किए जाने संबंधी शिकायतें मुख्य रही। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से निस्तारण को कहा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी मुहम्मद नासिर, पीडी डीआरडीए डीडी पंत, डीडीओ गोपाल गिरी समेत कई अधिकारी थे।
गैस की होम डिलीवरी की मांग
जनता दरबार में एक बार फिर गैस की होम डिलीवरी की मांग उठी। शिकायतकर्ता मनोज जोशी ने कहा कि बार-बार मांग के बाद भी एजेंसी लोगों को होम डिलीवरी की सेवा नहीं दे रही है। उपभोक्ताओं को निधारित प्वाइंट से सिलिंडर ढोने पड़ रहे हैं। उन्होंने जल्द होम डिलीवरी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। ऐसा न होने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी भी दी।