पिथौरागढ़। एक अप्रैल से मुंबई में भारत-बांग्लादेश के बीच होने वाली व्हील चेयर टी-20 क्रिकेट शृंखला में खेलने गए उत्तराखंड के होनहार दिव्यांग क्रिकेटर राजेंद्र सिंह धामी को सरकार एक व्हीलचेयर तक उपलब्ध नहीं करा पाई है, जबकि मुंबई में प्रवासीय उत्तराखंडियों के संगठन काफल फाउंडेशन ने धामी को व्हीलचेयर दी है।
शुक्रवार को नवी मुंबई में हुए कार्यक्रम में काफल फाउंडेशन के अध्यक्ष सुरेश राना, महासचिव हयात सिंह राजपूत, जगजीवन सिंह कन्याल, जगदीश सावंत, देव चंद, शेखर उपाध्याय, कमल बिलाल, अर्जुन सिंह रावत आदि ने दिव्यांग क्रिकेटर राजेंद्र सिंह धामी को व्हीलचेयर दी। मुंबई से फोन पर समाजसेवी जगजीवन सिंह कन्याल ने बताया कि भारत-बांग्लादेश के बीच होने वाली टी-20 क्रिकेट शृंखला के मैच एक से पांच अप्रैल तक मुंबई में होंगे।
कपिल, बैंगसरकर, अगरकर ने दी बधाई
व्हीलचेयर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम की सफलता के लिए क्रिकेटर कपिल देव, दलीप बैंगसरकर, अजीत अगरकर के साथ ही कई सिने कलाकारों ने शुभकामना दी हैं। उन्होंने शुभकामना संदेश भारतीय दिव्यांग टीम को भेजे हैं। कहा है कि भारतीय दिव्यांग क्रिकेटर बेहतरीन प्रदर्शन के बल पर टी-20 शृंखला पर कब्जा करेंगे।