पिथौरागढ़। होली पर नगर के अधिकतर एटीएम में नकदी नहीं मिली, जबकि कुछ तकनीकी खामियों के चलते ठप पड़े रहे। लोगों को नकदी की तलाश में पूरे नगर के चक्कर काटने पड़े।
शुक्रवार को होली पर बैंक बंद रहे। शाम तक नगर के सभी एटीएम खाली हो गए थे। बैंकों ने शनिवार को भी एटीएम में नकदी नहीं डाली। नतीजतन दूसरे दिन भी कई एटीएम खाली रहे। स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बॉब, आईडीबीआई, यूको, यूनियन बैंक समेत कई निजी बैंकों के एटीएम खाली रहे।
रविवार को अवकाश के चलते बंद रहेंगे। तीसरे दिन भी एटीएम में नकदी नहीं डाली गई तो बड़ी समस्या हो सकती है। जिला लीड बैंक अधिकारी प्रवीण गर्ब्याल का कहना है कि बैंकों को त्योहार पर एटीएम में पर्याप्त नकदी की व्यवस्था रखने को कहा था। एटीएम खाली होने की शिकायतों की जांच की जाएगी। बैंक प्रबंधकों को रविवार को सभी एटीएम में नकदी डालने को कहा है।