विजडम तिराहे से पिथौरागढ़ कलक्ट्रेट की ओर जाने वाली सड़क में निजी संचार कंपनी के केबल बिछाने के चलते सड़क की दशा खराब हो गई है। केबल बिछाने के लिए की गई खुदाई से निकली मिट्टी न हटाने से धूल के गुबार उठ रहे हैं। इससे आसपास के दुकानदारों और आम लोगों को परेशानी हो रही है।
इन दिनों टनकपुर रोड स्थित विजडम तिराहे से कलक्ट्रेट जाने वाली सड़क में एक निजी संचार कंपनी द्वारा केबल बिछाने का काम किया जा रहा है। केबल बिछाने के लिए की गई खुदाई के बाद मिट्टी के ढेर लगा दिए गए हैं। इससे धूल के गुबार उठ रहे हैं। इससे आम लोगों के अलावा आसपास के दुकानदारों को भी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। दुकानदारों को मुंह में कपड़ा बांधकर दुकान में बैठने को मजबूर होना पड़ हैं। व्यापारी हेम चंद्र जोशी, नवीन चंद्र जोशी, सुभाष चंद, गुड्डी मिश्रा ने कहा है कि केबल बिछाने के बाद गड्ढे को लेबल किया जाना चाहिए। मलबे का निस्तारण करना चाहिए। इस सड़क में हाल ही में हॉटमिक्स किया गया है। सड़क खोदने से सड़क को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि खुदाई से निकले मलबे का शीघ्र निस्तारण नहीं किया गया और जल्द खुदाई वाले स्थान में हाटमिक्स नहीं किया गया तो व्यापारी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।