बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। नए साल के स्वागत के लिए यहां पहुंच रहे पर्यटकों को एटीएम में पैसा नहीं होने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समय नगर के किसी भी एटीएम में पैसा नहीं है। ग्रामीण अंचलों से एटीएम से पैसा निकालने को आ रहे लोग निराश लौट रहे हैं। आम लोगों और पर्यटकों को हो रही परेशानी को देखते हुए महिला संगठन के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को स्टेट बैंक के प्रबंधक को ज्ञापन दिया।
समाजसेवी प्रकाश बोरा ने कहा कि बेड़ीनाग, चौकोड़ी, पातालभुवनेश्वर में नया साल मनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, लेकिन एटीएम में पैसा न होने के कारण उनको भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसका असर व्यावसायिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। लोगों की मांग है कि पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए एटीएम में पर्याप्त पैसा डाला जाए।
बताया गया कि यहां के एटीएम में पिछले दस दिनों से नकदी का संकट गहराया है। रिजर्व बैंक और चेस्ट ब्रांच से पैसा नहीं मिलने के कारण यह समस्या खड़ी हो रही है। ज्ञापन देने वालों में सतीश उप्रेती, मनोहर सिंह खनका, नीमा रावत, प्रेम राम, जमुना देवी आदि शामिल थे। बैंक के प्रबंधक पीएस कुटियाल ने बताया कि नकदी की व्यवस्था की जा रही है। एक-दो दिन में व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।