डीडीहाट (पिथौरागढ़)। ग्लोरियल हाइस्कूल में तीन दिनी बाल महोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हो गया। बच्चों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली गीतों के अलावा देशभक्ति पर आधारित कई कार्यक्रम पेश किए। तीन दिन तक इसी तरह कार्यक्रम चलते रहेंगे। बच्चों की प्रतिभा का विकास करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
रामलीला मैदान में बुधवार को बाल महोत्सव का उद्घाटन खंड शिक्षाधिकारी एलडी कापड़ी और डायट के पूर्व प्राचार्य डीएस पांगती ने किया। बच्चों ने कुमाऊंनी गीत-अल्मोड़ा की तारा, लागछी बड़ी बाना गाने पर बेहतरीन प्रस्तुति दी। गढ़वाली गाने-फुलड़िया तो देखिके औदी उमन मां, तेरो मेरो साथ छ यो पैलो जनम मा पर बच्चों द्वारा पेश की गई बेहतरीन प्रस्तुति पर दर्शक भी थिरकने लगे।
बच्चों ने गुजराती, पंजाबी, फिल्मी गीत, देश भक्ति गीतों की भी प्रस्तुति दी। विद्यालय की प्रबंधक रेखा कापड़ी ने कहा कि बृहस्पतिवार से और बेहतरीन कार्यक्रम होंगे। इस मौके पर डीडीहाट यूथ सोसाइटी के संजय पंत, ललित भंडारी, ओम प्रकाश वर्मा आदि उपस्थित थे।