पिथौरागढ़। प्रशासन ने अब हर पुलिस थाना, चौकी और वन चौकी में दो-दो सीसीटीवी लगाने का फैसला लिया है। 22 अक्तूबर तक यह कैमरे लग जाएंगे। जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक स्थानों पर भी सीसीटीवी लगाने पर विचार किया जा सकता है। डीएम सी रविशंकर ने यहां आयोजित बैठक में कहा कि अवैध खनन को रोकने के लिए खंड स्तरीय संयुक्त टास्क फोर्स का गठन करने के बावजूद अवैध खनन और परिवहन पर अंकुश नहीं लग पाया है और अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही हैं।
अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए उन्होंने कहा कि फिलहाल चौकियों में सीसीटीवी लगाए जाएंगे। इनकी सप्ताह में एक बार पुलिस क्षेत्राधिकारी और वन क्षेत्राधिकारी चेकिंग करेंगे, साथ ही 15 दिन में एक बार अपनी समीक्षा रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक और प्रभागीय वनाधिकारी के माध्यम से डीएम को उपलब्ध कराएंगे। सीसीटीवी में खराबी आने पर उसकी सूचना 24 घंटे के भीतर जिलाधिकारी को देना अनिवार्य होगा।
यदि सीसीटीवी के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की गई तो संबंधित थाना प्रभारी, पुलिस चौकी प्रभारी और वन चौकी प्रभारी को उत्तरदायी मानते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि खनन में किसी कर्मचारी या अधिकारी की लिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।