व्यापारियों का तीसरा जत्था तकलाकोट रवाना
धारचूला (पिथौरागढ़)। तिब्बत की मंडी तकलाकोट के लिए रविवार को व्यापारियों का तीसरा जत्था भी रवाना हो गया है। इस जत्थे में आठ व्यापारी शामिल हैं। अब तक तिब्बत की मंडी तकलाकोट को 22 व्यापारी जा चुके हैं। यह अपने साथ 2 लाख 76 हजार 820 रुपये मूल्य का सामान लेकर गए हैं। तिब्बत से इस वर्ष अब तक सामान का आयात नहीं हुआ है, क्योंकि तिब्बत गए व्यापारी अभी लौटे नहीं हैं।
व्यापार अधिकारी/एसडीएम आरके पांडे ने बताया कि सभी व्यापारियों के परमिट बनकर तैयार हैं। इस बार 216 व्यापारियों ने परमिट के लिए आवेदन किया है। अब तक 80 फीसदी व्यापारियों को परमिट दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि गुंजी में व्यापार कार्यालय खुल चुका है। वहां पर स्टेट बैंक की शाखा, पुलिस थाना और कस्टम कार्यालय भी काम करने लगे हैं।
उन्होंने बताया कि इस माह के अंत तक व्यापारियों का एक और दल तिब्बत की मंडी जाएगा। इस बार जून में ही व्यापार की प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। पिछले साल तक व्यापारी जुलाई में ही तकलाकोट जाते थे। इस बार व्यापार परमिट समय पर जारी होने से व्यापारी जल्दी रवाना हो गए हैं।