पिथौरागढ़। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के एलएसएम पिथौरागढ़ परिसर में 60 अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति हो गई है। सभी विभागों में व्याख्याताओं की नियुक्ति होते ही पठन-पाठन सुचारु हो गया है। अध्यापन के व्यवस्थित संचालन के लिए एक मॉनीटरिंग कमेटी भी गठित की गई है।
परिसर के निदेशक डॉ. हेम चंद्र पांडेय ने बताया कि विभिन्न विभागों में अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति के साथ ही परिसर में कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। अध्यापन के व्यवस्थित संचालन के लिए एक मॉनीटरिंग कमेटी का गठन भी किया गया है। इस समिति का उत्तरदायित्व शिक्षकों की कक्षाओं में उपस्थिति की मॉनीटरिंग करना होगा। इस समिति में निदेशक डॉ. हेम चंद्र पांडेय, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डीके उपाध्याय, कुलानुशासक डॉ. कमलेश भाकुनी सदस्य होंगे। निदेशक ने बताया कि विश्वविद्यालय के दिशा निर्देश के अनुसार बीए, बीएससी, बीकॉम संकायों के अधीन प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया 15 जुलाई तक जारी रहेगी।