मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। भैयादूज की रात मुनस्यारी क्षेत्र और आसपास के गांवों की करीब 30 हजार की आबादी को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। गिरगांव के पास शुक्रवार दोपहर दो बजे विद्युत लाइन में तकनीकी फाल्ट आने से समूचे क्षेत्र की बत्ती गुल हो गई। शनिवार को 22 घंटे बाद दोपहर करीब 12 बजे फाल्ट दूर कर आपूर्ति सुचारु की गई।
गिरगांव के पास फाल्ट आने से शुक्रवार को भैयादूज पर दोपहर दो बजे बिजली अचानक गुल हो गई। इससे मुनस्यारी समेत गिनी बैंड, रातापानी, घोरपट्टा, बुंगा, नयी बस्ती, बर्नियागांव, तल्ला घोरपट्टा, तापड़ी, सेबिला, राथी, दराती, दरकोट, सुरिंग आदि गांवों में रात भर अंधेरा पसरा रहा।
चोटियों पर हिमपात और निचले इलाकों में हल्की बारिश के चलते लोगों को कड़ाके की ठंड में खासी परेशानी हुई। भैयादूज के चलते दूरदराज क्षेत्रों से बहनें भी मायके पहुंची थी। बिजली गुल होने से उन्हें भी परेशानी हुई। यूपीसीएल के अवर अभियंता बहादुर सिंह ने बताया कि गिरगांव के पास लाइन में फाल्ट आया था, जिसे ठीक कर लिया गया है।