पिथौरागढ़। जिला सूचना कार्यालय में चल रहे पुस्तकालय को किताबें खरीदने के लिए 50 हजार का बजट मिला है। डीएम ने अनटाइड फंड से पुस्तकालय को धनराशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पुस्तकालय को मेडिकल और इंजीनियरिंग ई-क्लास से जोड़ा जाएगा। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सैकड़ों छात्रों को लाभ मिलेगा।
शनिवार को डीएम सी रविशंकर ने जिला पुस्तकालय में पुस्तकदान अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही पुस्तकालय में शेड निर्माण और फर्नीचर की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय की किताबों को व्यवस्थित रूप देेने का काम चल रहा है। जल्द ही पुस्तकालय को डिजिटल बनाया जाएगा।
उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों से पुस्तकालय को किताबें दान करने की अपील की। एनएचपीसी धारचूला के महाप्रबंधक दिनेश त्रिपाठी ने पुस्तकालय को अपनी किताबें दान की। इस मौके पर सोच संस्था के जगत मर्तोलिया, सहायक अभियंता विक्रम सिंह पांगती, डीआईओ गिरिजा जोशी आदि थे।