डीडीहाट (पिथौरागढ़)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अभ्यास वर्ग में राष्ट्रविरोधी बातें करने वालों का विरोध करने का प्रस्ताव पास किया गया। महाविद्यालयों में राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत को अनिवार्य कराने के लिए सरकार का आभार जताया गया।
ब्लॉक सभागार में आयोजित एबीवीपी के जिलास्तरीय अभ्यास वर्ग में जिला संगठन मंत्री प्रमोद मिश्रा ने कहा कि किसी भी संगठन को बनाए रखने के लिए उसमें अनुशासन का होना अत्यंत आवश्यक है। एबीवीपी के विभाग सह संयोजक खगेंद्र अवस्थी ने कहा कि भारत एक अखंड राष्ट्र है। इसके खिलाफ साजिश करने वालों का एबीवीपी हमेशा विरोध करेगी।
अभ्यास वर्ग में धारचूला, मुनस्यारी, डीडीहाट, थल, नाचनी आदि के 110 एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। निर्मल पाठक, पवन टोलिया, संदीप बोरा, सचिन पंत, भूपेश विष्ट, देवेंद्र बोरा, संजय चुफाल, नवीन विष्ट आदि ने सहयोग किया।