नैनीपाताल में हाईवे पर जमा कूड़े का पहाड़। संवाद
पिथौरागढ़। धारचूला हाईवे पर नैनीपातल में बनेे ट्रंचिंग ग्राउंड से जल्द ही कूड़े का पहाड़ हटेगा। इस योजना में 4.58 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यहां कूड़ा निस्तारण के लिए एमआरएफ (मैटीरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर बनेगा। यहां कूड़े को छानकर इसे उपयोग के लिए बाहर भेजने की योजना है। 286.71 लाख की लागत से सेंटर तैयार करने के साथ ही यहां तक पहुंचने के लिए 171.79 लाख से सड़क का निर्माण किया जाएगा। सोमवार को सेंटर का शिलान्यास किया गया।
दरअसल, नगर के ट्रंचिंग ग्राउंड नैनीपताल में हाईवे पर वर्षों से 22 हजार मीट्रिक टन से अधिक कूड़ा डंप है। इससे उलट हर रोज नगर सहित अन्य कस्बों से यहां 15 मीट्रिक टन से अधिक कूड़ा पहुंचता है। कूड़े के निस्तारण की उचित व्यवस्था न होने से यहां बना कूड़े का पहाड़ नगर निगम के साथ ही हाईवे पर आवाजाही करने वाले यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की दिक्कत बढ़ा रहा है।
अब इस कूड़े के निस्तारण के लिए यहां एमआरएफ सेंटर स्थापित होगा। सोमवार को मेयर कल्पना देवलाल और नगर आयुक्त डॉ. दीपक सैनी ने यहां पहुंचकर एमआरएफ सेंटर का शिलान्यास किया। नगर निगम के मुताबिक, यहां डंप कूड़े को वैज्ञानिक तरीके से छाना जाएगा। गीले और सूखे कूड़े को अलग कर लीगेसी वेस्ट को उपयोग में लाने के लिए बाहर भेजा जाएगा जबकि गीले कचरे से खाद तैयार की जाएगी।
नहीं लगेगा रिसाइकिल प्लांट
नैनीपताल में कूड़े के निस्तारण के लिए करीब दो वर्ष पूर्व रिसाइकिल प्लांट लगाने के लिए स्वीकृति मिली थी। बाकायदा नगर निगम को इसके लिए चार करोड़ रुपये भी मिले। कूड़े के स्थायी निस्तारण के लिए रिसाइकिल प्लांट तो नहीं लग सका। अब यहां एमआरएफ सेंटर स्थापित कर कूड़े के पहाड़ को खत्म करने के दावे किए जा रहे हैं।
कोट
नैनीपातल ट्रंचिंग ग्राउंड में डंप कूड़े के निस्तारण के लिए यहां एमआरएफ सेंटर स्थापित किया जा रहा है। कूड़े का निस्तारण होने से लोगों की दिक्कत तो कम होगी ही, क्षेत्र का पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा। नगर निगम स्वच्छता के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। - कल्पना देवलाल, मेयर, नगर निगम, पिथौरागढ़