पिथौरागढ़। जिले के आठ कॉलेज में 43 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों पर नामांकन कराया। पिथौरागढ़ कैंपस में चार, धारचूला महाविद्यालय में नौ, गंगोलीहाट में पांच, मुवानी में दो, डीडीहाट में सात, बेड़ीनाग में आठ, मुनस्यारी में छह, गणाई गंगोली में दो ने नामांकन कराया। गंगोलीहाट, डीडीहाट, मुवानी, गणाई गंगोली में निर्वाचन निर्विरोध तय है।
पिथौरागढ़ कैंपस में छात्रसंघ चुनाव के लिए चार पदों पर प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। छात्र अधिष्ठाता कल्याण डॉ. डीके उपाध्याय ने बताया कि उपाध्यक्ष पद पर सिद्धार्थ सिस्ताल, महासचिव पद पर मुकेश कुमार, कोषाध्यक्ष पद पर योगेश सिंह धामी और कबीर सिंह धामी ने नामांकन कराया है। जबकि उपाध्यक्ष, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पर एक-एक, संयुक्त सचिव और सांस्कृतिक सचिव पद पर दो-दो नामांकन पत्र खरीदे गए हैं। शनिवार को तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया होगी। 12 पदों पर नामांकन प्रक्रिया की जानी है। नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराने में डॉ. पंकज भट्ट, डॉ. नीलाक्षी जोशी, प्रोफेसर सरोज वर्मा, पुष्पा पंत जोशी, प्रीति पंत, जगदीश बिष्ट, दिनेश जोशी ने सहयोग किया। इस मौके पर एसआई बसंत पंत के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा।
-
धारचूला में नौ ने कराया नामांकन
धारचूला (पिथौरागढ़)। राजकीय महाविद्यालय बलुवाकोट में छात्र संघ चुनाव के लिए नौ प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। नामांकन समिति के संयोजक डॉ. नवीन कुमार ने बताया अध्यक्ष पद के लिए दो, उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव के लिए एक-एक, कोषाध्यक्ष के लिए दो, संयुक्त सचिव, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन कराया है। नामांकन समिति में डॉ. राहुल तिवारी, सुधीर जोशी, नक्षत्र पाठक, कविंद्र जोशी शामिल रहे। इस मौके पर थाना प्रभारी नरेंद्र अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल मौजूद रहे।
गंगोलीहाट में निर्विरोध निर्वाचन तय
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। शहीद पवन सिंह सुगड़ा महाविद्यालय में छात्र संघ पदों पर निर्विरोध नामांकन तय है। बृहस्पतिवार को अध्यक्ष पद के लिए राजेंद्र सिंह बिष्ट, छात्रा उपाध्यक्ष रोजी रावल, कोषाध्यक्ष अमित वर्मा, संयुक्त सचिव अभयदीप, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए कमल किशोर रावल ने नामांकन कराया। यह सभी अभाविप संगठन से हैं। प्राचार्य डॉ. मधुकेश गुप्ता ने बताया कि शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। निर्विरोध निर्वाचन तय होने पर सभी प्रत्याशियों को विधायक फकीर राम टम्टा, भाजपा नगर अध्यक्ष रमेश बोरा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष गौरव बोरा, विधायक प्रतिनिधि कृष्णा बोरा, ललित उप्रेती ने बधाई दी है।
-
दो ने कराया नामांकन
मुवानी (पिथौरागढ़)। छात्रसंघ चुनाव के लिए मात्र दो प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। अध्यक्ष पद पर राहुल कुमार और कोषाध्यक्ष पद के लिए राहुल सिंह बोरा ने नामांकन कराया। इन दिनों का निर्विरोध जीतना तय है। चुनाव प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि अन्य पदों पर किसी ने नामांकन नहीं कराया।
डीडीहाट में सात ने कराया नामांकन
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणनगर में सात पदों पर सात प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। इन सभी का निर्विरोध निर्वाचन तय है। अध्यक्ष पद पर संजय देऊपा, उपाध्यक्ष पद पर सौरभ भट्ट, कोषाध्यक्ष पर दिव्यांशु धामी, संयुक्त सचिव पर मानसी पाल, छात्रा उपाध्यक्ष पर सपना धामी, सचिव पर हिना दिगारी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर कुलदीप सिंह दिगारी ने नामांकन कराया है। यह सभी एनएसयूआई समर्थित हैं।
-
आठ ने कराया नामांकन
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बेड़ीनाग महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए आठ प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। अध्यक्ष पद के लिए विजय रावत, पुष्कर सिंह धानिक, कोषाध्यक्ष पद पर नम्रता, राहुल सिंह नेगी ने नामांकन कराया है। सचिव पद पर पंकज सिंह, संयुक्त सचिव पद पर तनुजा कुमारी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर रश्मि कापड़ी, सांस्कृतिक सचिव पद पर अक्षय कुमार ने नामांकन कराया है।
-
एनएसयूआई और अभाविप के बीच होगी टक्कर
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। डॉ. आरएस टोलिया महाविद्यालय में 12 पदों पर चार पदों पर छह प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। चुनाव अधिकारी अमित कुमार टम्टा ने बताया कि अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की भागीरथी मर्तोलिया, एबीवीपी की गीता कार्की, संयुक्त सचिव पद पर हंसा कुमारी, कमला कठायत, कोषाध्यक्ष पद पर कमला और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर चित्रा ने नामांकन पत्र भरा।
गणाई गंगोली में दो ने कराया नामांकन
गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। महाविद्यालय में दो प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है। प्राचार्य प्रोफेसर सिद्धेश्वर सिंह ने बताया कि अध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एक-एक ने नामांकन कराया है।